भराडीसैंण की ठंडी आबौ-हवा के बीच युवा बहा रहे पसीना,युवाओं के जोश से गूंज रहा भराड़ीसैंण।
यूथ फाउंडेशन के कैंप में 80 युवा ले रहे कठोर प्रशिक्षण,उत्साह बढाने लैंसडौन के सेंटर कमांडेंट 14 को पहुंचेंगे भराडीसैंण।
भराड़ीसैण (गैरसैंण):-05 अगस्त 2026
रिपोर्ट:- प्रेम संगेला.
अग्निवीर भर्ती में लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा की तैयारी को लेकर आजकल ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण की ठंडी आबौ -हवा के बीच जमकर पसीना बहा रहे हैं. बांज बुरांश के जंगलों से घिरे ओर खामोशी से कोहरे की चादर में लिपटे रहने वाला भराड़ीसैंण आजकल युवाओं जोश भरे शोर से गुंज रहा है ।भराड़ीसैंण में निर्माणाधीन हेलिपेड के समीप पुलिस लाईन की खाली पड़ी बैरके आजकल युवाओं का ठिकाना बनी हुई है। जिससे भराड़ीसैंण बाजार में भी चहल पहल बनी हुई है।
युवाओं का उत्साह बढ़ाने 14 अगस्त को सेंटर कमांडेंट लैंसडौन ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी भी भराड़ीसैंण पंहुच रहे हैं। कर्नल अजय कोठियाल द्वारा स्थापित यूथ फाउंडेशन द्वारा यहां शुरू किये गये भर्ती तैयारी शिविर में 5 दिनों में ही युवाओं की संख्या 80 पार पहुंच गई है। भारतीय सेना में शामिल हो देश सेवा का जुनून लिए युवाओं की कठोर दिनचर्या सुबह साढे चार बजे शुरू हो जाती है। सुबह की 6 किलोमीटर की दौड़ से पहले शरीर को तैयार करने के लिए आवश्यक व्यायाम के बीच युवाओं का शोर खुब सुनाई दे रहा है। जिससे अमुमन सुनसान रहने वाले भराड़ीसैंण बाजार में भी रौनक बनी हुई है जिससे यहां के व्यापारियों में खुशी का माहौल दिखाई दे रहा है।
सेना से सेवानिवृत प्रशिक्षकों के सख्त अनुशासन में जरूरी शारीरिक अभ्यास करवाए जाते हैं ,वहीं सेना के अनुशासन के अनुरूप तय समय पर नाश्ता,दोपहर का भोजन व रात के खाने के बाद साढे नौ बजे तक सोने की सीटी बज जाती है। दोपहर बाद युवाओं को विभिन्न खेलों के माध्यम से शारीरिक व मानसिक रूप से भी तरोताजा रखा जाता है।शिविर में जहां अधिकांश युवा जनपद चमोली के विभिन्न विकासखंडों से आए हुए हैं। वहीं यूथ फाउंडेशन के अनुशासन को देख नजदीकी अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ व पौड़ी जनपदों के युवा भी शिविर में पंहुचे हैं। खाली वक्त में युवा पढ़ाई कर सेना की विभिन्न चयन परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहे हैं।
शारीरिक प्रशिक्षक लांस नायक जीत सिंह व सूबेदार प्रकाश सिंह रावत ने बताया कि दौड़ के लिए सारकोट की चढाई वाली सड़क पर युवाओं का दमखम बढ़ाया जा रहा है,वहीं भराड़ीसैंण -दिवालीखाल सडक पर दौड की गति बढ़ाने का अभ्यास कराया जाता है।
इस दौरान पुशअप,जंप,स्ट्रिचिंग,फ्लेंक, स्ट्रैन्थिंग जैसे जरूरी अभ्यास भी करवाए जा रहे हैं।युवाओं के मेडिकल तैयारी को लेकर भी शारीरिक नापजोख को मापने के साथ ही मेडिकल से जुड़ी अन्य जरूरी तैयारी भी शामिल होती है। इस दौरान युवाओं में शारीरिक व मेडिकल परीक्षण को लेकर आने वाली कमीयों को अभ्यास के माध्यम से दूर करने का प्रयास किया जा रहा है,ताकि युवा पूरी तरह फिट होकर शारीरिक परीक्षा के लिए तैयार हो सके।
यूथ फाउंडेशन के कोऑर्डिनेटर चौधरी विक्रम सिंह ने बताया कि भराडीसैंण में पुलिस विभाग के सुव्यवस्थित बैरकों में लगभग डेढ़ सौ युवाओं के लिए रहने खाने की पर्याप्त व्यवस्था है। उन्होंने बताया की जल्द ही लैंसडाऊन से सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी युवाओं का उत्साह बढाने 14 अगस्त को भराड़ीसैंण आएंगे।
