नैनीताल में सेना की वर्दी पहनकर घूमता मिला फर्जी ‘मेजर’,असली मेजर ने पकड़ा,मुकदमा हुआ दर्ज।
नैनीताल-19 अप्रैल 2026
काठगोदाम क्षेत्र में सेना की वर्दी पहनकर खुद को मेजर बताने वाले एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ काठगोदाम थाने में अभियोग पंजीकृत किया गया है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बीती 18 अप्रैल को वॉक वे मॉल के पास मेजर अजय पाठक ने एक युवक को संदिग्ध स्थिति में आर्मी की वर्दी में देखा। पूछताछ में उसने खुद को ‘मेजर अमन’ बताया, लेकिन उसकी वर्दी पहनने की शैली और गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इस पर मेजर पाठक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।वहीं, सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक से पूछताछ की, लेकिन वो कोई ठोस जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद उसे थाना काठगोदाम लाया गया जहां नैनीताल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की पहचान अमन उर्फ अमन रोमसन के रूप में हुई है, जो उधम सिंह नगर के खटीमा का रहने वाला है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे सेना के प्रति काफी आकर्षण है और भर्ती में असफल रहने के कारण उसने आर्मी की वर्दी पहन ली। वर्तमान में वो काठगोदाम क्षेत्र में कार्यरत है। पुलिस की मानें तो मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। साथ ही आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट और सीएमपी की ओर से भी आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इससे पहले नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल और सीओ अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में युवक को पूछताछ के लिए थाना काठगोदाम लाया गया। प्रथम दृष्टया सेना की वर्दी का दुरुपयोग एवं संदिग्ध गतिविधियों के मद्देनजर मेजर अजय पाठक की लिखित तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
