बद्रीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा,बाइक खाई में गिरी,असम के रहने वाले युवक की मौत दूसरा युवक घायल।
गौचर (चमोली)- 23 मई 2026
रिपोर्ट-ललिता प्रसाद लखेड़ा.
उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनायें थमने का नाम नही ले रही है.हर रोज सड़क दुर्घटना की खबर से सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस व प्रसाशन की सड़क सुरक्षा की लाख कोशिशों के बाउजूद सड़क दुर्घटनायें थमने का नाम नही ले रही हैं।
चमोली जिले के बद्रीनाथ हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक दुर्घटना होने पर एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया।यह हादसा गौचर और कर्णप्रयाग के बीच गलनाऊं के पास उस समय हुआ जब पांच बाइकों और एक कार पर सवार कुछ दोस्त बद्रीनाथ धाम की ओर जा रहे थे। तभी उनमें से एक बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होकर क्रॉस बेरियर से टकरा गई, जिस कारण बाइक से छिटककर एक युवक गहरी खाई में जा गिरा व बाइक सवार दूसरा युवक चट्टान पर अटक गया।
सूचना पर कर्णप्रयाग थाना प्रभारी विनोद थपलियाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, व एसडीआरएफ, डीडीआरयफ की टीम भी मौके पर पहुंची.इस दौरान पुलिस टीमों द्वारा तत्काल संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को बामुश्किल खाई से निकाल कर सड़क पर लाया गया व एम्बुलेंस से कर्णप्रयाग अस्पताल भेजा गया. जहां चिकित्सकों ने असम के रहने वाले सोम बोस्या पुत्र रोबिन बोस्या निवासी जोराहट असम उम्र 25 वर्ष को मृत घोषित कर दिया जबकि घटना में गम्भीर रूप से घायल ऋतिक पुत्र धनंजय निवासी बक्सर बिहार उम्र 25 वर्ष को कर्णप्रयाग अस्पताल में भर्ती किया गया है जहां उसका उपचार चल रहा है.घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि मृतक युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है व अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद बद्रीनाथ हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
