देवप्रयाग हादसा अपडेट:- गंगा में समाई इनोवा,जैसलमेर लौट रहा था परिवार, अब तक तीन शव बरामद, 4 अब भी लापता।
देवप्रयाग (टिहरी गढ़वाल):-03 जून 2026
ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर गंगा दर्शन होटल के समीप एक इनोवा वाहन मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर तेज ढलान से होते हुए सीधे गंगा में समा गया। चारधाम यात्रा के चलते बदरीनाथ से लौट रहा यह वाहन चालक सहित जैसलमेर राजस्थान के दो परिवारों के कुल सात लोगों को साथ लेकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर गभीर घायल 12 वर्षीय बालक को निकालकर बेस अस्पताल श्रीनगर पहुंचाया। जबकि देर शाम तक दो पुरुषों सहित एक महिला का शव घटना स्थल से निकाला गया। इसके अलावा चार अन्य लोग लापता हैं।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे थाना देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा में लोगों ने गंगा दर्शन होटल के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब दो सौ मीटर तेज ढलान से होते हुए गंगा की ओर लुढ़कती देखी। बताया गया कि चारधाम यात्रा से लौट रहे व्यवसासिक वाहन संख्या (UK08 TA 5433) में चालक सहित जैसलमेर राजस्थान के दो परिवारों के सात लोग सवार थे। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस व एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन और बचाव का कार्य शुरू किया।
देवप्रयाग कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे देवप्रयाग से पांच किमी आगे बदरीनाथ धाम से लौट रही इनोवा कार मिट्टी के ऊंचे ढेर को पार कर तेज ढलान से करीब 200 मीटर नीचे गंगा में समा गई। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम तत्काल रेस्क्यू में जुट गई थी। ब्यासी व ऋषिकेश से पहुंचे गोताखोरों ने गंगा में तलाश अभियान शुरू किया। ढलान पर गम्भीर रूप से घायल मिले 12 वर्षीय आयुष्मान पुत्र हरीश को तत्काल उपचार के लिए श्रीनगर भेजा गया।
नदी तट के निकट दो पुरुषों व एक महिला का शव बरामद किया गया है। जिनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। जबकि गंगा में लापता चार अन्य कार सवारों की तलाश के लिए राफ्ट व गोताखोरों के जरिए लगातार सर्च अभियान चलाया गया, जिनका देर शाम तक भी कुछ पता नहीं लगा।
मौके पर पहुंचे देवप्रयाग तहसीलदार वीरम सिंह पंवार ने कार सवार लोगों की जानकारी देते हुए बताया कि कार में राजस्थान के जैसलमेर निवासी हरीश की पत्नी गुड्डी देवी (40), पुत्र अवलेश (22), नम्बरदार, आयुष्मान (12), पुत्री जाह्नवी (18) सहित डॉ. दिनेश (27), उनकी पत्नी कमला और चालक सवार था। इनमें घायल 12 वर्षीय बालक का नाम आयुष्मान बताया गया है।पुलिस व प्रशासन की ओर से स्वजनों से संपर्क के बाद मृतकों की पहचान किए जाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, उत्तराखंड नंबर की कार के चालक का नाम व पता की भी जानकारी जुटाई जा रही है।।
