उत्तराखंड कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई, पिथौरागढ़ के तीन वरिष्ठ नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से किया निष्कासित।

उत्तराखंड कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई, पिथौरागढ़ के तीन वरिष्ठ नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से किया निष्कासित।

देहरादून:-05 जुलाई 2026

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तीन कांग्रेसी नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया है। जिसके तहत पिथौरागढ़ पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र लुंठी,पिथौरागढ़ की पूर्व महिला जिला अध्यक्ष भावना नगर कोटी और दीपक लुंठी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार पूर्व जिला अध्यक्ष महेन्द्र लुंठी, पूर्व महिला जिला अध्यक्ष भावना नगरकोटी और कांग्रेस नेता दीपक लुंठी को छह वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से बाहर कर दिया गया है। पार्टी का आरोप है कि तीनों नेताओं ने संगठन विरोधी गतिविधियों में भाग लेकर अनुशासनहीनता की।प्रदेश कांग्रेस के अनुसार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पूरे उत्तराखंड में ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ आयोजित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत 30 जून को पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में सम्मेलन आयोजित किया गया था। आरोप है कि इसी कार्यक्रम के दौरान तीनों नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ मंच पर हंगामा और कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किया, जिसे पार्टी ने गंभीर अनुशासनहीनता माना।

घटना के बाद प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने तीनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर जवाब देने को कहा था। साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी, पिथौरागढ़ से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई। रिपोर्ट और राष्ट्रीय नेतृत्व से मिले दिशा-निर्देशों के आधार पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तीनों नेताओं के खिलाफ छह साल के निष्कासन की कार्रवाई को मंजूरी दे दी।

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस एक अनुशासित राजनीतिक संगठन है और पार्टी विरोधी गतिविधियों या अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी नेता संगठन की मर्यादा और अनुशासन की सीमा पार करेगा, उसके खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!