हल्द्वानी में बेहद दर्दनाक हादसा, दम घुटने से मां और दो बेटों की मौत।
हल्द्वानी:-22 जुलाई 2026
हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र के ग्राम मानपुर में मंगलवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। लंबे समय से बंद पड़े एक अंडरग्राउंड टैंक का ढक्कन खोलते समय उसमें जमा जहरीली गैस की चपेट में आकर तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सबसे पहले एक व्यक्ति टैंक में उतरा और अचेत हो गया। उसे बचाने के लिए दो अन्य लोग भी बिना सुरक्षा उपकरणों के अंदर गए, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकालकर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में धर्मेंद्र सिंह बिष्ट (38), सरस्वती देवी (58) और कुशल बिष्ट (35) की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक है। सुशीला तिवारी अस्पताल में मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों को एक साथ खो देने का दर्द बोहत गहरा है। वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं।
एसडीएम मोनिका आर्य ने बताया कि, लंबे समय से बंद बेसमेंट की टंकी में जहरीली गैस बनने के कारण यह हादसा हुआ है। हालांकि,गैस किस प्रकार की थी और उसकी मात्रा कितनी थी, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। वहीं, एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि 112 पर हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर चोरगलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से मूर्छित अवस्था में तीन लोगों को हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल भिजवाया गया।लोगों से अपील है कि किसी भी बंद टंकी, सेप्टिक टैंक या बेसमेंट में बिना सुरक्षा उपकरण और पर्याप्त वेंटिलेशन के प्रवेश न करें, क्योंकि ऐसे स्थानों पर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस जानलेवा साबित हो सकती है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
