देहरादून में दिनदहाड़े चली गोलियां, युवक घायल,एक आरोपी गिरफ्तार।
देहरादून:-21 अगस्त 2026
उत्तराखंड के देहरादून जिले के पटेलनगर क्षेत्र में गुरुवार दोपहर आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। आईटीएस कॉलेज रोड से शुरू हुआ विवाद शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट जूड चौक तक पहुंच गया। इस दौरान एक युवक ने कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग की, जिसमें साहिल नाम का युवक घायल हो गया। उसके कंधे में गोली लगी है और उसका इलाज महंत इंद्रेश अस्पताल में चल रहा है।
प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक, आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर कुछ युवक मौजूद थे। इसी दौरान गुरमीत नाम का युवक अपने साथियों के साथ स्विफ्ट कार से वहां पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चलने की बात सामने आई है। आरोप है कि इसी दौरान कार सवार युवकों की ओर से फायरिंग की गई। हालांकि पहली फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद कार सवार युवक वहां से निकल गए। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवकों ने कार का पीछा शुरू कर दिया। पीछा करते हुए दोनों पक्ष शिमला बाईपास रोड के सेंट जूड चौक के पास पहुंच गए। आरोप है कि यहां एक बार फिर फायरिंग की गई। इसी दौरान साहिल को गोली लग गई। गोली उसके कंधे में लगी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान बाइक सवार युवकों के पास डंडे और रॉड भी थे। वहीं, कार पर भी हमला किए जाने की बात सामने आई है और उसके पीछे का शीशा टूटने की जानकारी मिली है।
घटना की सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने रोहित नाम के 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जो सहारनपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल वाहन भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब फायरिंग में इस्तेमाल हथियार, अन्य आरोपियों और पूरे विवाद की वजह की जानकारी जुटा रही है। मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
पटेलनगर कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं के अनुसार,शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के युवक पहले एक-दूसरे के परिचित और मित्र रहे हैं। पिछले कुछ समय से गुरमीत का आदित्य, सुजल और अंशुल के साथ विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश को घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी। फिलहाल घायल साहिल का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ घटना में इस्तेमाल हथियार और फायरिंग के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
