मौत के कारणों का खुलासा न होने से नाराज ग्रामीणों की आंदोलन की चेतावनी,तहसील पंहुचकर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन।
गैरसैंण:- 11 जून 2026
रिपोर्ट- प्रेम संगेला.
कोतवाली गैरसैंण के अंतर्गत माईथान क्षेत्र के देवपुरी गांव के व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में 25 दिन बीतने के बावजूद मौत के कारणों का का पता न लगने से ग्रामीणों में गहरी नाराजगी बनी हुई है,जिसको लेकर पहले सोमवार को ग्रामीणों की बैठक में मामले का जल्द खुलासा न होने की दशा में जन आंदोलन किए जाने की बात कही गई थी।
वहीं गुरुवार को देवपुरी की प्रधान किरन देवी व अन्य ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय गैरसैंण पंहुचकर मुख्यमंत्री को संबोधित मामले का मांग पत्र सौंपा। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई ग्रामीण राजेन्द्र सिंह कंडारी मौत के मामले में गांव में हुई बैठक में उपस्थित 60 से ज्यादा ग्रामीणों ने मौत को हत्या बताते हुए कहा कि ,पुलिस मामले में धीमी गति से जांच कर रही है, घटना के 25 दिन बीत चुके हैं, ऐसे में अपराधियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने से क्षेत्र में तनाव ओर डर का माहौल बना हुआ है।
उल्लेखनीय है की देवपुरी गांव के राजमिस्त्री का काम करने वाले 42 वर्षीय राजेंद्र सिंह कंडारी 18 मई को सुबह गांव के नजदीक ही काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे,जिसके बाद से ही वे लापता हो गए थे.परिजनों द्वारा मामले की शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस द्वारा लगातार डॉग स्कवाड टीम के साथ ही ग्रामीणों के सहयोग से गहन खोजबीन की गई। इसी दौरान 28 मई को राजेंद्र सिंह का शव घर से 400 मीटर की दूरी पर गधेरे के तालाब में पाया गया था। तब शव के दोनों पैर व एक हाथ बंधा हुआ मिला था,वहीं सर पर गहरी चोट के निशान भी मिले थे, जबकि नजदीक में ही मृतक की पानी की बोतल, मोबाइल व चप्पल मिलने से परिजनों व ग्रामीणों ने हत्या करके शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई थी। इसके बाद से ही मामले की पेचिदगी ओर हत्या की आशंका देखते हुए पुलिस विभाग द्वारा लगातार डॉग स्कावड टीम के साथ ही फॉरेंसिक टीम व फील्ड यूनिट को भी जांच में लगाया गया था।लेकिन 25 दिन बीतने के बावजूद मामले में कोई भी सुराग नहीं लग पा रहा है।
मामले में हो रही देरी को लेकर कुछ दिन पूर्व ही कांग्रेस नेता मुकेश नेगी ने मृतक की पत्नी शकुंतला देवी व परिजनों से मिलकर मामले में पुलिस अधीक्षक चमोली से बात कर त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य देवपुरी हरेंद्र कंडारी ने कहा कि जल्द खुलासा न होने की स्थिति में पूरा खंसर क्षेत्र आंदोलन करने को मजबूर होगा।
मामले में त्वरित जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र में प्रधान किरन देवी,क्षेत्र पंचायत सदस्य महिपाल कंडारी,पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य हरेंद्र कंडारी,खीम सिंह,चंद्र सिंह,पुष्कर सिंह,मोहन सिंह ,खड़क सिंह,खिलाफ सिंह,केदार सिंह,बच्चन सिंह ,वीरेंद्र सिंह,भरत सिंह,आलम राम, सुजान सिंह,नंदन सिंह,काश्मीर देवी, रोशनी,रघुवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
