मूसलाधार बारिश के बीच केबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने भराड़ीसैंण में फहराया तिरंगा।
गढ़वाल राइफल के सेंटर कमांडेंट भी पंहुचे भराडीसैंण।
गैरसैंण नगर पंचायत द्वारा आजादी के पर्व पर मैराथन का आयोजन।
गैरसैंण/भराड़ीसैण:-15 अगस्त 2026
रिपोर्ट-प्रेम संगेला।
शनिवार को मूसलाधार बारिश और घने कोहरे के बीच ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराडीसैंण में आजादी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं जनपद चमोली के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी द्वारा विधानसभा परिसर में ध्वजारोहण कर तिरंगा फहराया गया। वहीं गढ़वाल राइफल के सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी (विशिष्ट सेवा मेडल ) भराड़ीसैंण में आयोजित पूर्व सैनिक मिलन समारोह में शिरकत करने के साथ ही यूथ फाउंडेशन भर्ती तैयारी कर रहे युवाओं का जोश बढ़ाया।
नगर पंचायत गैरसैंण द्वारा महिला व पुरुष वर्ग की 10 किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। विधानसभा परिसर भराडीसैंण में सुबह से जारी बारिश के बीच ध्वजारोहण के बाद केबिनेट मंत्री व विधायक द्वारा प्रधानमंत्री की मुहिम में शामिल “एक पेड मां के नाम ” वृक्षारोपण के तहत विधानसभा परिसर में राज्य वृक्ष बुरांश का पौंधा रोपित किया गया।
सुबह से जारी बारिश के चलते विधानसभा मंडप हाल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल द्वारा कैबिनेट मंत्री को पुष्पगच्छ व अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया। जिसके बाद विधानसभा प्रभारी शेखर पंत द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों से विधानसभा में स्वतंत्रता दिवस मनाने पहुंचे जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आजादी सैकड़ों बलिदानों का परिणाम है ,जिसे याद रखते हुए हमें अपनी संस्कृति,संस्कार और सनातन को सहेज कर रखते हुए, निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ते हुए 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढना है। युवाओं में सोशल मीडिया की बढती लत को देखते हुए उन्होंने कहा की एक समय अंग्रेजों ने व्यापार के नाम पर यहां पहुंच कर देश को गुलाम बनाया था और आज पश्चिमी संस्कृति सोशल मीडिया के माध्यम से घरों तक पहुंच बनाकर सांस्कृतिक गुलाम बनाने की फिराक में है। उन्होंने कहा कि जो समाज संस्कृति ओर संस्कारों को भूल जाता है वह जल्द ही नष्ट हो जाता है।
कार्यक्रम में पहुंचे सेंटर कमांडेंट गढ़वाल राइफल ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने गढ़वाली भाषा में संबोधित करते हुए कहा की,गैरसैंण जहां प्राकृतिक संसाधनों ओर नैसर्गिक सुंदरता में संपन्न क्षेत्र है, वहीं सैन्य सेवाएं देने के मामले में भी गैरसैंण क्षेत्र धन्य है।
कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने कहा की देश की आजादी में योगदान देने वाले बलिदानियों और क्रांतिकारीयों के सपनों के अनुरूप हमें देश प्रेम की भावना ओर राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ आगे बढ़ना है ,जिसमें युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज भराड़ीसैंण की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना ओर स्वागत गीत की प्रस्तुती दी गयी। परंपरागत पहाड़ी परिधान पहने स्कूली बालिकाओं द्वारा देशभक्ति की भावनाओं से भरे हुए नृत्य गीत में शामिल “ऐ मेरे वीर वतन के लोगों ,जरा आंख में भर लो पानी , जो शहीद हुए हैं उनकी जरा याद करो कुर्बानी ” जैसे गानों की प्रस्तुति देकर माहौल को भावुक बना दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गढ़वाली ,कुमाऊनी व जौनसारी गीतों की नॉनस्टॉप प्रस्तुतियां दी गयी।
चैत सिंह भंडारी के संचालन में आयोजित समारोह में भाजपा राष्ट्रीय मीडिया टीम के सदस्य सतीश लखेडा,भाजपा जिला मंत्री अरूण मैठाणी,ब्लॉक प्रमुख दुर्गा देवी,गैरसैंण मंडल अध्यक्ष कुलदीप रावत,आदिबद्री मंदिर समिति अध्यक्ष जगदीश प्रसाद बहुगुणा,टीका प्रसाद मैखुरी,जिला पंचायत सदस्य जगदीश रावत,यूकेडी युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आशीष नेगी,सल्ट अल्मोड़ा के राज्य आंदोलनकारी पान सिंह,प्रधान सारकोट प्रियंका नेगी,क्षेत्र पंचायत सदस्य आरती देवी,प्रधान परवाड़ी ज्योति देवी ,विनोद नेगी,जिला पंचायत सदस्य सिमली विक्रम सिंह कठैत,मालसी की कामेश्वरी देवी,उप जिलाधिकारी गैरसैंण अबरार अहमद,खंड विकास अधिकारी पवन कंडारी,प्रधानाचार्य भराड़ीसैंण विनोद सेमवाल,थाना अध्यक्ष गैरसैंण मनोज सिरौला,संजय रावत,पृथ्वी बिष्ट,कस्तूरा देवी,भुवन कठैत,नवीन बहुगुणा,धीरेंद्र भंडारी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक,महिला मंगल दल ,स्कूली छात्र-छात्राएं व विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
