टोना टोटका का डर दिखाकर 65 तोला सोना ठगने वाला बाबा गिरफ्तार।

टोना टोटका का डर दिखाकर 65 तोला सोना ठगने वाला बाबा गिरफ्तार।

देहरादून:-12 जून 2026

अनिष्ट होने का भय दिखाकर पूजा पाठ के नाम पर लाखों रुपए की ज्वेलरी ठगने वाले बाबा को थाना सेलाकुई पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से पीड़ित से ठगा गया करीब 15 तोला सोना और 5 लाख रुपए कैश बरामद हुआ है। आरोपी ठग खुद ही लोगों के घरों पर जादू टोने से जुड़ी सामग्री की पोटली फेंककर उन्हें अनिष्ट होने का भय दिखाता था और अनिष्ट को दूर करने के लिए अनुष्ठान के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। आरोपी ने तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास का सहारा लेकर ही सेलाकुई निवासी महिला से भी लाखों रुपयों की आभूषणों की ठगी की थी।

31 मई 2026 को ओशीन गुंरग निवासी शहीद किशन थापा मार्ग सेलाकुई ने थाना सेलाकुई में शिकायत दर्ज कराई थी कि, महंत राहुल थापा ने ढाई माह पहले तंत्र-मंत्र, डर और अंधविश्वास का सहारा लेकर उनके और उनके परिजनों के साथ कुछ अनिष्ट होने का डर जताया था. इसके लिए उनके घर पर अनुष्ठान करने की बात कही गई और पूजा पाठ और अनुष्ठान के नाम पर धोखाधड़ी से उनका 65 तोला सोना गायब कर दिया। शिकायत के आधार पर 10 जून को आरोपी महंत राहुल थापा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना सेलाकुई की 2 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम ने आरोपी राहुल थापा निवासी तेलपुरा अटक फॉर्म सेलाकुई देहरादून को 11 जून को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ ने राहुल थापा ने पीड़िता से धोखाधड़ी कर आभूषणों को गायब करने की बात कबूल की, जिस पर पुलिस टीम ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर आभूषणों को गलाकर बनाए गए 150 ग्राम के गोल्ड बिस्किट और अन्य ज्वेलरी को बेचकर प्राप्त की गई 5 लाख रुपए की नकदी बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि,वह अपने परिवार के साथ तेलपुरा अटकफार्म सेलाकुई में रहता है और साल 2013 से पंडिताई का काम कर रहा है। वह लोगों का भविष्य देखता है और माता की चौकी लगाता है। कई बार उसके द्वारा बताई गई बातें सच होने पर लोगों द्वारा उसके एवज में उसे अच्छी धनराशि दी जाती है, जिससे उसका खर्चा चलता है।पिछले कुछ समय से ज्यादा पैसे कमाने के लालच में उसने एक योजना बनाई जिसमें वह अपने अमीर शिष्यों के घर जाकर रात में चुपचाप से घर के बाहर एक पोटली में जादू-टोने का सामान फेंक देता और अगले दिन उन्हें फोन कर रात में सपना आने की बात कहते हुए उनके घर पर किसी व्यक्ति द्वारा जादू टोना करने का विश्वास दिलाते हुए पूजा अनुष्ठान के नाम पर मोटी धनराशि वसूलता था।

आरोपी ने बताया कि,ओशीन गुंरग को वह काफी समय से जानता है और वह उसकी दूर की रिश्तेदार भी है. उसे पता था कि वह अपने परिवार की इकलौती बेटी है और उसके पास काफी ज्वेलरी है. जिससे उसके मन में लालच आ गया। ज्वेलरी को पाने के लिए उसने एक योजना बनाई. योजना के मुताबिक, 1 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे वह अपनी स्कूटी से ओशीन गुरंग के घर पहुंचा और घर के बाहर एक काले कपड़े के अंदर बंधी हुई पोटली उसने गेट के अंदर फेंक दी, जिसमें उड़द की दाल, रोली, लॉन्ग, नींबू का टुकड़ा और अन्य सामग्री थी। उसके बाद अगली सुबह उसने ओशीन को फोन कर बताया कि उसे आभास हुआ है कि उनके घर में किसी ने बहुत बड़ा टोना टोटका किया है और उसे बाहर गेट के पास जाने को कहा. जहां उसने पहले से ही काले रंग के कपड़े में पोटली को फेंका था। ओशीन ने वीडियो कॉल कर उसे काले कपड़े की पोटली दिखाई, जिसे देखकर आरोपी राहुल थाना ने महिला को पोटली को खोलने और थोड़ी देर में खुद उसके घर आने की बात कही।

महिला के घर पहुंचकर आरोपी ने उसे घर में अनिष्ट होने का भय दिखाते हुए उसे दूर करने के लिए पूजा अनुष्ठान करने और अनुष्ठान के लिए लगने वाली सामग्री नोट करवाई. साथ ही अनुष्ठान के लिए एक संदूक (बॉक्स) भी लाने को कहा। अनुष्ठान के दौरान आरोपी ने महिला से उसके और उसकी मां के सारे आभूषण एक पोटली में बांधकर संदूक में रखने को कहा. आभूषणों के साथ तीन नारियल, कुछ चावल और फूल संदूक में रख दिए। महिला और उसकी माता को कुछ चावल के दाने देकर छत की परिक्रमा के लिए भेज दिया। आरोपी ने मौका देखकर संदूक में रखे आभूषण बाहर निकालकर संदूक को बंद कर दिया।पूजा समाप्त होने के बाद आरोपी ने संदूक को मंदिर में रखने और 62 दिन बाद खुद आकर खोलने की बात कही गई थी। दूसरी तरफ संदूक से निकाले गए आभूषणों को आरोपी अपने साथ चोरी छिपे ले गया था।

एसएसपी देहरादून-प्रमेंद्र डोबाल, ने बताया कि, घटना करीब तीन माह पुरानी थी और बरामदगी के संबंध में पुलिस के पास काफी चुनौतियां थी। पुलिस जांच में अब तक हुई बरामदगी के अतिरिक्त बाकी आभूषणों की बरामदगी के लिए आरोपी का पीसीआर लेकर अतिरिक्त प्रयास किए जाएंगे. पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत विवेचना की जा रही है. साथ ही आरोपी राहुल थापा के अपराध करने के तरीके और अन्य अंजाम दी गई घटनाओं और उसके सहयोगियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा रही है. भविष्य में आरोपियों से जुड़े जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उन्हें विवेचना में शामिल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!