मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट जमीन बिक्री मामले में जिलाधिकारी के आदेशों पर जांच टीम का गठन,अपर जिलाधिकारी करेंगे जांच।
सभी पहलुओं की होगी गहनतापूर्वक पड़ताल-डीएम
गैरसैंण:- 08 जून 2026
रिपोर्ट:- प्रेम संगेला.
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर के नजदीकी मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट में बड़ी मात्रा में ग्रामीणों द्वारा जमीनों की बिक्री का मामला सामने आने के बाद मामले की संवेदनशीलता को लेकर जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है । मामले को लेकर जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार द्वारा अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को जांच टीम का गठन कर जल्द से जल्द जांच करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा की ग्रामीणों द्वारा जमीन बिक्री मामले में सभी नियमों का पालन किया गया है अथवा नहीं, उसको लेकर अपर जिलाधिकारी के नेतृत्व में एक जांच टीम का गठन किया गया है, जो सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि अब तक मिली जानकारी के तहसील गैरसैंण के सारकोट गांव के चार परिवारों द्वारा उत्तराखंड राज्य के ही अल्मोड़ा व बागेश्वर जनपदों के दो निवासियों को जमीन बेची गयी है। जिसमें दो व्यक्तियों के नाम लगभग 35 नाली जमीन की रजिस्ट्री करवाई गई है,जबकि द गैरसैंण रिट्रीट नामक कंपनी के नाम पहले की गयी लगभग 15 नाली भूमि की रजिस्ट्री को दोबारा से व्यक्तिगत नामों पर दर्ज करवाया गया है। मामले में कुल वास्तविक रजिस्ट्री 35 नाली की गयी है ।उन्होंने कहा कि मामले में यह भी जांच की जाएगी कि उक्त व्यक्तियों के नाम पर राज्य के निवासी होने के नाते नियमानुसार साढे बारह एकड जमीन खरीदने के प्रावधानों का पालन किया गया है अथवा नहीं?
