चमोली जनपद के सीएचसी थराली की स्वास्थ्य सुविधाओं की बहाली को आंदोलन जारी।
थराली (चमोली):-14 नवंबर 2026
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। थराली युवा संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन कर रहे युवाओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की सात सूत्रीय मांगों में अल्ट्रासाउंड मशीन, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, स्टाफ नर्सों की नियुक्ति और एक्स-रे टेक्नीशियन सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।
आंदोलनकारियों का कहना है कि तीन विकासखंडों की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं देने वाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आज बेहतर उपचार की सुविधाओं के अभाव में महज रेफर सेंटर बनकर रह गया है। वहीं, आंदोलन के चैथे दिन विभिन्न गांवों की महिलाओं और ग्रामीणों ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। दूसरी ओर आंदोलनकारियों ने विपक्षी कांग्रेस पर आंदोलन से दूरी बनाए रखने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए हैं कि क्या कांग्रेस नहीं चाहती कि थराली के अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री अभिषेक मिश्रा और थराली युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय जोशी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को भी क्षेत्र की जनता की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आगे आना चाहिए। वहीं, आंदोलन के चैथे दिन विभिन्न गांवों की महिलाओं और स्थानीय ग्रामीणों ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन जताया। समर्थन देने वालों में गंगा देवी, देवकी देवी, सुनीता देवी, अनीता देवी, संजय राणा, आनंद सिंह, उमेश देवराड़ी, भरत सिंह, योगेश देवराड़ी, अंकुर देवराड़ी, दीपक जोशी, प्रेम बल्लभ और नरेंद्र कुमार सहित अन्य लोग शामिल रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने का भरोसा दिया
थराली में सात सूत्रीय मांगो को लेकर चल रहे आंदोलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने का भरोसा दिया है। थराली के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष नौटियाल एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश शर्मा ने आंदोलनरत प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान प्रत्येक मांग के संबंध में विभागीय स्तर पर की गई कार्रवाई एवं वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया। बैठक में महिला रोग विशेषज्ञ एवं बाल रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति, अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था, नर्सिंग स्टाफ एवं वार्ड ब्वाय की नियुक्ति, फार्मासिस्ट की तैनाती, आयुष्मान मित्र की नियुक्ति, स्वास्थ्य केंद्रों से विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था तथा अस्पताल परिसर में सोलर लाइट लगाए जाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। स्वास्थ्य टीम ने बताया कि अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था के लिए प्रक्रिया गतिमान है। नर्सिंग अधिकारियों के स्वीकृत पदों के सापेक्ष नियुक्ति प्रक्रिया एवं रिक्त पदों की स्थिति से भी अवगत कराया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट की उपलब्धता, आयुष्मान मित्र की नियुक्ति तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था के संबंध में संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जानकारी दी गई। अस्पताल परिसर में प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर लाइट लगाए जाने के संबंध में वन विभाग को पत्र प्रेषित किए जाने की जानकारी दी गई।
वार्ता के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आंदोलनरत प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने तथा आम जनमानस को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए विभागीय स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
