ड्यूटी के प्रति समर्पित रहीं आरक्षी प्रियंका का निधन,पुलिस महकमे में शोक की लहर।

ड्यूटी के प्रति समर्पित रहीं आरक्षी प्रियंका का निधन,पुलिस महकमे में शोक की लहर।

उत्तराकाशी:-30 सितंबर 2026

उत्तरकाशी पुलिस कार्यालय में तैनात महिला आरक्षी प्रियंका का बुधवार को असामयिक निधन हो गया है। बताया गया कि वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन की खबर से उत्तरकाशी पुलिस परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस विभाग के अनुसार, महिला आरक्षी प्रियंका की तबीयत पिछले काफी समय से खराब थी। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बीच 30 सितंबर को उनका निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की सूचना के बाद साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने गहरा दुःख व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय समेत उत्तरकाशी पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस विभाग की ओर से शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उन्हें धैर्य और शक्ति मिलने की कामना की गई।

पुलिस विभाग से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक प्रियंका अपने कार्य के प्रति गंभीर और जिम्मेदार थीं। सेवाकाल के दौरान उन्होंने अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों को निभाया। सहकर्मियों के बीच भी उनके सेवाभाव और जिम्मेदारी को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता था। प्रियंका मूल रूप से टिहरी गढ़वाल के कांडा, यमुनापुल गांव की रहने वाली थीं जिन्होंने कोविड महामारी के मुश्किल दौर में भी अपनी सेवाएं दी थी। संक्रमण के डर के बावजूद, प्रियंका ने अपनी जिम्मेदारियों को पूरी लगन से निभाया था।

महिला आरक्षी प्रियंका के निधन को उत्तरकाशी पुलिस परिवार के लिए गहरी क्षति माना जा रहा है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके योगदान को याद करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!