DM एक्शन मोड में: चम्पावत लघु सिंचाई विभाग में औचक छापा, अधिशासी अभियंता समेत 6 कर्मचारी नदारद,वेतन रोकने के निर्देश।
चम्पावत- 16 मई 2026
चम्पावत में सरकारी दफ्तरों की कार्यप्रणाली सुधारने और समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार एक्शन मोड में नजर आए। शुक्रवार सुबह जिलाधिकारी ने लघु सिंचाई विभाग, चम्पावत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जहां कई अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। जांच में अधिशासी अभियंता समेत कुल 6 अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी समय पर कार्यालय में मौजूद नहीं मिले, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए नाराजगी जताई।
अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों में अधिशासी अभियंता विमल कुमार सूठा, अपर सहायक अभियंता टिंकू सिंह, प्रशासनिक अधिकारी पंकज रावत, हरेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ अभियंता तनुजा तथा अनुसेवक पुष्कर दत्त शामिल रहे।
कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता के स्वयं समय पर कार्यालय न पहुंचने को गंभीर लापरवाही मानते हुए उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश जारी कर दिए। साथ ही निर्देश दिए गए कि सभी अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण लिया जाए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो संबंधित कार्मिकों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि और विभागीय कार्रवाई के लिए उच्च स्तर पर संस्तुति भेजी जाएगी।
जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, जवाबदेही और समय की पाबंदी प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
