लालकुआं में बेखौफ चोर: पुलिस चौकी से चंद कदम दूर बंद मकान से 8 लाख के जेवर और नकदी पार।

लालकुआं में बेखौफ चोर: पुलिस चौकी से चंद कदम दूर बंद मकान से 8 लाख के जेवर और नकदी पार।

लालकुआं (नैनीताल):-02 जून 2026

लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हल्दूचौड़ में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस चौकी से महज कुछ ही दूरी पर नकाबपोश चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 25 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जाते-जाते चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, लेकिन उनकी पूरी करतूत कैमरे में कैद हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ताई के घर गया था बेटा, पीछे से खंगाला मकान

जानकारी के अनुसार, हल्दूचौड़ पुलिस चौकी से कुछ ही कदम दूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कमला बिष्ट का मकान है। कमला बिष्ट इन दिनों बेंगलुरु में अपने बड़े बेटे मोहित के पास गई हुई हैं, जबकि उनका छोटा बेटा नितिन बिष्ट घर पर अकेला था। रविवार को नितिन हल्द्वानी अपनी ताई के घर गया था और रात में वहीं रुक गया।​सोमवार को जब नितिन वापस अपने घर लौटा, तो उसके होश उड़ गए। घर के अंदर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था। कमरे में रखीं दो अलमारी के लॉकर भी टूटे हुए थे।

लोहे की रॉड लेकर कूदे थे 3 नकाबपोश

​घर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने पर पता चला कि तीन नकाबपोश बदमाश हाथों में लोहे की रॉड लेकर मुख्य दरवाजे की दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए थे। चोरों ने बेहद इत्मीनान से पूरी वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, शातिर चोरों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से जाते वक्त सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया, लेकिन उससे पहले ही उनकी हरकतें कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी थीं।

​जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी: सीओ

​पीड़ित नितिन बिष्ट ने लालकुआं कोतवाली के अंतर्गत हल्दूचौड़ चौकी में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित सैनी ने घटनास्थल का मुआयना किया। सीओ अमित सैनी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!