हरीश रावत ने थराली के आपदा पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना,आपदा प्रबंधन नीति पर उठाये सवाल।
थराली (चमोली)- 25 अप्रैल 2026
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आपदा प्रभावित क्षेत्र थराली व चेपड़ों गांव का दौरा किया, इस दौरान उन्होंने थराली व चेपड़ों के आपदा प्रभावितों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना।उत्तराखंड के चमोली जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हाल जानने के लिए शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत थराली पहुंचे। उन्होंने न सिर्फ चेपड़ो आपदा प्रभावित गांवों का दौरा किया, बल्कि स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान हरीश रावत ने सरकार की आपदा प्रबंधन नीति पर सवाल उठाते हुए मुआवजे और सुरक्षा कार्यों को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शुक्रवार को थराली क्षेत्र का दौरा किया। थराली मुख्य बाजार से जनसंपर्क करते हुए वे आपदा प्रभावित चेपड़ो गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। हरीश रावत ने आरोप लगाया कि सरकार आपदा प्रभावितों के साथ न्याय नहीं कर रही है.और मुआवजे के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि थराली बाजार पूरी तरह आपदा की चपेट में आ चुका है, जबकि पिंडर नदी के किनारे लगातार हो रहा कटाव एक नए खतरे की ओर इशारा कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि थराली क्षेत्र में भू-धंसाव लगातार बढ़ रहा है,लेकिन अब तक बाढ़ सुरक्षा या स्थायी समाधान के कोई ठोस कार्य धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं।
हरीश रावत ने अपनी सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में आपदा के दौरान प्रभावितों को 5 लाख रुपये के साथ मुख्यमंत्री राहत कोष से अतिरिक्त 2 लाख रुपये और केंद्र से भी सहायता दी गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार केवल सीमित मुआवजा देकर लोगों को नजरअंदाज कर रही है। गौरतलब है कि विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने से पहले हरीश रावत ने ऐलान किया था कि वो सरकार को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत देने के लिए समय दे रहे हैं। बजट सत्र के बाद वो खुद इन क्षेत्रों का दौरा करेंगे। उसी के तरह हरीश रावत आपदा प्रभावित क्षेत्र थराली पहुंचे थे. इससे पहले 16 अप्रैल को वो उत्तरकाशी के धराली भी पहुंचे थे।
नगर पंचायत अध्यक्ष थराली सुनीता रावत ने कहा कि आपदा के आठ माह बीत जाने के बाद भी सरकार के द्वारा थराली आपदा प्रभावितों की कोई मदद नहीं की गई हैं, जिला प्रशासन के द्वारा कार्य किए गए हैं, लेकिन आज तक भी जिन लोगों की नुकसान हुआ हैं, उन्हें मुआवजा नहीं दिया गया हैं, कई बार पत्राचार करने के बावजूद भी सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद रावत ने कहा कि आपदा के वक्त भी मुख्यमंत्री हरीश रावत थराली और चेपड़ो के आपदा प्रभावितों का हाल-चाल जानने आए थे और अब भी आए हैं, आपदा के आठ माह बीत जाने के बाद भी आज तक सरकार के द्वारा आपदा प्रभावितों की मदद नहीं की गई है और सरकार के द्वारा थराली व चेपड़ों आपदा प्रभावितों को गुमराह किया जा रहा हैं।
इस दौरान पूर्व विधायक कपकोट ललित फर्सवाण, ब्लॉक प्रमुख थराली प्रवीण पुरोहित,
नगर पंचायत अध्यक्ष गैरसैंण मोहन भंडारी,पूर्व राज्यमंत्री सुशील रावत, जिला महामंत्री कांग्रेस संदीप कुमार,ज्येष्ठ प्रमुख नवनीत रावत, कनिष्ठ प्रमुख राजेश चौहान,ज्येष्ठ प्रमुख नारायणबगड़ देवराज रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष संदीप रावत, नगर कांग्रेस अध्यक्ष अब्बल सिंह गुंसाई, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गोदाम्बरी रावत, बिजेंद्र रावत, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवाल कमल गड़िया, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नारायणबगड़ नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
