हरियाणा का ‘गालीबाज’सिंगर! मासूम शर्मा ने मंच से दी गालियां, दून पुलिस ने भेजा नोटिस,हरियाणवी गायक मासूम शर्मा का पहले भी रहा है विवादों से नाता।
देहरादून में DAV PG कॉलेज के छात्र संघ कार्यक्रम के दौरान अभद्र भाषा का किया था इस्तेमाल।
देहरादून-12 अप्रैल 2026
दयानंद एंग्लो-वैदिक पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज (डीएवी पीजी कॉलेज) देहरादून के छात्र संघ सप्ताह समारोह में हरियाणा गायक मासूम शर्मा और अजय हुड्डा ने अपनी प्रस्तुति दी. लेकिन इस दौरान माहौल तब बदल गया जब मासूम शर्मा ने मंच से ही गालियां देनी शुरू कर दी. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए नोटिस भेजा है। उधर, वीडियो वायरल होने के बाद मासूम शर्मा ने वीडियो जारी कर माफी भी मांगी है।
डीएवी पीजी कॉलेज में 11 अप्रैल शनिवार को छात्र संघ समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा और अजय हुड्डा प्रस्तुति देने पहुंचे। कार्यक्रम में सीएम धामी ने भी शिरकत की. लेकिन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जाने के बाद मासूम शर्मा ने मंच पर गाली गलौज शुरू कर दी। आपत्तिजनक शब्द बोलने पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी, स्टाफ और मौजूद छात्र छात्राएं भी असहज हो गए. साथ ही गायक मासूम शर्मा जिस समय मंच से गाली दे रहे थे, उस दौरान खानपुर विधायक उमेश शर्मा भी मौजूद थे। विधायक ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की,लेकिन वे नहीं रुके।अब मासूम शर्मा के मंच से गाली देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।जिसके बाद मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सफाई देते हुए माफी मांगी है। उन्होंने कहा,पिछले कुछ समय से एक संदिग्ध व्यक्ति उन्हें परेशान कर रहा है। उसी तनाव का असर मंच पर दिखाई दिया। यदि मेरे शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है तो इसके लिए माफी मांगता हूं।
मासूम शर्मा ने आगे बताया कि, देहरादून में कार्यक्रम के लिए अपनी टीम के साथ एक होटल में ठहरे हुए थे। पिछली रात से एक संदिग्ध युवक होटल के आसपास चक्कर काट रहा था। हालांकि शुरुआत में इसे सामान्य समझा लेकिन बाद में अमेरिका से चाचा के बेटे का फोन आया और बताया कि एक व्यक्ति ने फोन कर अभद्र बातें की और इसके बाद पूरी रात वह और उनकी टीम तनाव में रही।
इस पूरे मामले पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि, डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्र संघ सप्ताह के समापन कार्यक्रम में हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा द्वारा कार्यक्रम के दौरान स्टेज से गाली गलौज करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करने का मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। जिसमें डालनवाला पुलिस द्वारा सभी तथ्यों पर विस्तृत जांच की जा रही है. गायक को नोटिस भेजा गया है. जांच के दौरान प्रकाश में आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणवी गायक मासूम शर्मा का नाता पहले भी विवादों से रहा है।साल 2024 में एक महिला ने गायक पर मारपीट और छेड़खानी का आरोप लगाया था। साल 2025 में हरियाणा सरकार ने गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप में उनके गानों को यूट्यूब से हटाने का आदेश दिया था। इसके अलावा, फरवरी 2026 में जिंद में एक लाइव शो के दौरान पूर्व सरपंच के साथ बदसूलकी और मंच से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के कारण भी विवाद हुआ था।
