नंदा के जयकारों से गूंज रहे आस्था पथ, हर तरफ उमंग और उल्लास।
चमोली:-15 सितंबर 2026
रिपोर्ट:-रजपाल बिष्ट.
हिमालयवासियों की अधिष्ठात्री देवी मां नंदा की बड़ी जात तथा लोकजात यात्रा लगातार अगले पड़ावों की ओर बढ़ रही है। इसके तहत बड़ी जात की उत्सव डोली कनेाल गांव पहुंची तो बधाण की राजराजेश्वरी की लोकजात यात्रा फल्दिया गांव के प्रवास पर पहुंच गई है। इसके चलते चमोली जिले का अधिकांश इलाका मां नंदा के भक्ति भाव में डूब गया है। इस दौरान हर तरफ श्रद्धालुओं में उमंग और उल्लास भी बना हुआ है।
बीते 5 सितंबर को नंदा सिद्धपीठ कुरूड़ से चली नंदा जात यात्रा लगातार अगले पड़ावों की ओर बढ़ती जा रही है। नंदा की बड़ी जात की दशोली तथा बंड की उत्सव डोलियों और छंतोलियों की पूजा अर्चना की । ग्रामीणों ने मां नंदा की डोलियों, छंतोलियाँ और श्रद्धालुओं को लोकगीतों और जागरों से अगले पड़ाव कनोल के लिए विदा किया। बड़ी जात जोखना, सितेल गांव होते हुए नंदानगर ब्लाॅक के अंतिम गांव कनोल पहुंची। कनोल गांव में ग्रामीणों ने मां नंदा की बड़ी जात का फूलों से जोरदार स्वागत किया। कनोल गांव के मां भगवती के चैक में दोपहर बाद से एक-एक करके देव डोलियों, छंतोलियाँ का आगमन हुआ। ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा के साथ जोरदार आगवानी की। बड़ी जात के साथ तीन चैसिंग्या खाडू भी कैलाश प्रस्थान कर रहे हैं।
आला गांव से जोखना के बाद सितेल में भी मां नन्दा की बड़ी जात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके चलते नंदा की बड़ी जात में उमड़ रही भीड़ के चलते आस्था और विश्वास के साथ ही श्रद्धा का संकेत भी मिल रहा है। ग्रामीण इलाके के लोग एक तरह से नंदा के रहस्यलोक में डूबते चले जा रहे हैं। मां नंदा की बड़ी जात मंगलवार को कनेाल के प्रवास पर ही रहेगी। इस तरह कनोल में दिन भर जागरण चलता रहेगा।
बधाण की राजराजेश्वरी के दर्शनों को उमड़ रहे श्रद्धालु।
बधाण की मां नंदा राजराजेश्वरी की लोकजात यात्रा में शामिल होने को श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। इसके चलते देवाल ब्लाॅक के गांव भी नंदा के रहस्यलोक में डूबते जा रहे हैं।
मंगलवार को राजराजेश्वरी नंदा की इच्छोली गांव में पूजा अर्चना हुई। इस दौरान विभिन्न इलाकों से लाए श्रद्धालुओं ने मां नंदा के दर्शनों का पुण्य लाभ अर्जित किया। नंदा के जागरों के बीच लोगों ने सुख समृद्धि की मनौती मांगी। इसके बाद देव डोली को इच्छोली गांव से विदाई दी गई। देव डोली इच्छोली से कैल व हाटकल्याणी होते हुए रात्रि प्रवास के लिए फल्दियागांव पहुंची तो लोगों ने देव डोली को हाथों हाथ लिया। फल्दियागांव समेत आसपास के ग्रामीण भी देवी के दर्शनों को पहुंचे तो पूरा इलाका मां नंदा के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान इच्छोली में विदाई के अवसर पर विपिन चंद्र मिश्रा, मोहित मिश्रा, भुवन चंद्र, हेम चंद्र, गौतम मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद, कमलेश तथा नवीन मिश्रा आदि ने मां नंदा राजराजेश्वरी लोकजात यात्रा में आए श्रद्धालुओं की मौजूदगी पर आभार जताया। कहा कि उत्तराखंड की अधिष्ठात्री देवी मां नंदा के आशीर्वाद से सभी फलीभूत होंगे।
मंगलवार को राजराजेश्वरी की देव डोली फल्दियागांव से प्रस्थान कर कांडई, लंबू, पिलखड़ा, ल्वाणी, बगड़ीगाड़ होते हुए रात्रि प्रवास के लिए मुंदोली पहुंचेगी। इन गांवो में भी नंदा की आगवानी के लिए जोरदार तैयारियां चल रही हैं।
