देहरादून में बिना अनुमति प्रदर्शन कर जाम लगाने वाले प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज।
देहरादून-19 मई 2026
रविवार की सुबह बिना अनुमति के रेंजर ग्राउंड क्षेत्र से इकट्ठे होने और फिर दर्शन लाल चौक और घंटाघर पर जाम लगाने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा एक युवती को जबरदस्ती प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कहा जा रहा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में काफी वायरल हो रहा है।
नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरिओम चौहान ने शिकायत दर्ज कराई है कि 17 मई की सुबह 11 बजे कुछ अज्ञात लोग बिना अनुमति के रेंजर ग्राउंड क्षेत्र से इकट्ठा हो गए और वहां से जुलूस के रूप में दर्शन लाल चौक पर पहुंचे और इनकी वजह से सड़क पर जाम लगने लगा। पुलिस कर्मियों ने उनको समझाया तो वह कमिश्नर को ज्ञापन देने की जिद में अड़े रहे। जब प्रदर्शनकारियों को बताया गया कि कमिश्नर अपने कार्यालय में मौजूद नहीं है तो प्रदर्शनकारियों सड़क जाम कर दी, जिसके कारण दर्शन लाल क्षेत्र का पूरा यातायात बाधित हो गया।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से ट्रैफिक को अन्य भागों पर डायवर्ट किया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और करीब 250-300 व्यक्तियों की भीड़ दर्शन लाल चौक से घंटाघर पहुंच गई। जिसके कारण घंटाघर का यातायात बाधित रहा। इस दौरान करीब एक घंटे से अधिक दर्शन लाल चौक और घंटाघर क्षेत्र में यातायात बाधित रहने से लोगों को काफी परेशानी हुई।
वहीं प्रदर्शन के दौरान हिंदू संगठन के कार्यकर्ता जबरदस्ती लोगों को रोक कर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए के लिए कह रहे थे।प्रदर्शन का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें प्रदर्शनकारीयों द्वारा स्कूटी सवार एक युवती को रोका गया और जबरदस्ती उसको प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कहा गया। साथ ही प्रदर्शनकारियों द्वारा युवती को कहा जा रहा है कि यह प्रदर्शन तुम जैसी युवतियों के लिए ही है। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने युवती की स्कूटी खड़ी करवा दी, लेकिन मौके पर मौजूद सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल के पास जाकर युवती के बताने पर सीओ सिटी ने युवती को जाने दिया। सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया है कि 17 मई की सुबह बिना अनुमति के अज्ञात लोगों द्वारा दर्शन लाल चौक ओर घंटाघर पर इक्कठे होकर जाम लगाया जिससे यातायत बाधित हुआ। जिसके बाद नगर कोतवाली प्रभारी हरिओम चौहान की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
