राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से पहले सियासत तेज,कांग्रेस ने लगाया सरकार पर बड़ा आरोप।

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से पहले सियासत तेज,कांग्रेस ने लगाया सरकार पर बड़ा आरोप।

देहरादून:-14 जुलाई 2026

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत बड़ी संख्या में छात्रों से संवाद करेंगे। राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस ने देहरादून के परेड ग्राउंड में एक बड़े कार्यक्रम की तैयारी की है। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए निर्धारित शुल्क जमा कर प्रशासन से विधिवत अनुमति प्राप्त कर ली गई थी और इसकी रसीद भी पार्टी के पास मौजूद है। हालांकि अब प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल बदलने की मौखिक जानकारी दी जा रही है, जबकि इस संबंध में कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है।

इस मामले में कांग्रेस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि जिस स्थान के लिए अनुमति दी गई है, कार्यक्रम उसी स्थल पर आयोजित किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि 15, 16 और 17 जुलाई के लिए पूर्व में स्वीकृति मिल चुकी है और जब तक प्रशासन की ओर से कोई लिखित निर्देश जारी नहीं किया जाता, तब तक कार्यक्रम पूर्व निर्धारित स्थल पर ही होगा।कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राहुल गांधी की लोकप्रियता से घबराई हुई है और उनके कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश कर रही है।

दरअसल, 17 जुलाई को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का परेड ग्राउंड में छात्रों के साथ संवाद यानी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम होना है। ऐसे में प्रदेश कांग्रेस लगातार राहुल गांधी के दौरे को लेकर तैयारियां कर रही है। कार्यक्रम में छात्रों से संवाद के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया गया है, ऐसे में टेंट लगाने के लिए तमाम गाड़ियां परेड ग्राउंड पहुंच गई है। कहा जा रहा था कि ट्रकों को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली है। जिस पर गणेश गोदियाल का कहना है कि ट्रकों को प्रवेश न मिलने का कारण केवल यह है कि हमारी अनुमति निर्धारित तिथि से प्रभावी है।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने साफ किया है कि राहुल गांधी के साथ छात्रों के संवाद कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने परेड ग्राउंड के लिए 15 से 17 तारीख तक प्रशासन से परमिशन ली हुई है। परेड ग्राउंड में आयोजित होने जा रहे राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पार्टी ने नगर निगम को 1 लाख 77 हजार रुपए की धनराशि जमा कराई है. उन्होंने बताया कि कांग्रेस का यह कार्यक्रम तय समय पर होने जा रहा है।

देहरादून के परेड ग्राउंड में राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल को लेकर नगर आयुक्त का बयान भी सामने आया है,नगर आयुक्त आलोक पांडे ने बताया है कि कांग्रेस ने अब तक सिटी मजिस्टेट ओर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम में एनओसी जमा नहीं की है,इसलिए कांग्रेस को अब तक परेड ग्राउंड की अनुमति नहीं दी गई।

वहीं, दूसरी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी कार्यकर्ताओं से रात्रि 12:00 बजे 15 तारीख शुरू होते ही कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में जुटने का आह्वान किया है, ताकि राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारी परेड ग्राउंड में की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!