रात के अंधेरे में एसडीआरएफ का साहसिक रेस्क्यू अभियान, 100 मीटर गहरी खाई से एक घायल व एक मृतक को निकाला बाहर।
पौड़ी गढ़वाल:- 15 नवंबर 2026
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के धरासू क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शुक्रवार देर रात एक बाइक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने रात के घुप अंधेरे और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को खाई से बाहर निकाला।
पुलिस और आपदा नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर की रात धरासू क्षेत्र में एक बाइक के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली थी। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ पोस्ट श्रीनगर से उप निरीक्षक कुलदीपक पाण्डेय के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।घटनास्थल पर पहुंचने के बाद टीम ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया। रात के अंधेरे, घने जंगल और खड़ी ढलान जैसी अत्यंत विषम परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ के जवान रस्सियों के सहारे करीब 100 मीटर गहरी खाई में उतरे। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने खाई में फंसे एक घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला और दुर्घटना में जान गंवा चुके दूसरे व्यक्ति के शव को भी बरामद कर सड़क मार्ग तक पहुंचाया।
रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद एसडीआरएफ टीम ने तत्काल घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाने और मृतक के शव का पंचनामा भरने हेतु दोनों को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल दोनों व्यक्तियों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। स्थानीय पुलिस उनके परिजनों से संपर्क करने और पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास में जुटी हुई है।चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में एसडीआरएफ टीम द्वारा दिखाई गई त्वरित तत्परता और साहस की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।
