उत्तराखण्ड में बदला मौसमका मिजाज,आज 5 जिलों में बारिश बर्फबारी का अलर्ट।
उत्तराखंड:-15 नवंबर 2026
पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी की ऊंची चोटियों पर हिमपात होने से ठंड बढ़ गई है। बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने से एक दिन पहले हुई बर्फबारी के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी पहुंचे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार आज रविवार 15 नवंबर को उत्तराखंड के पांच पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव आएगा और 16 नवंबर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शुष्क परिस्थितियां रहने का अनुमान है।
मौसम में आए बदलाव का असर चमोली जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है। बदरीनाथ धाम के साथ हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई है। धाम में कपाट बंद होने से ठीक पहले हिमपात होने के कारण तापमान में गिरावट आई और ठिठुरन बढ़ गई।
कपाट बंद होने से पहले बदरीनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड के बीच श्रद्धालु धाम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के 15 नवंबर के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन जिलों के 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। राज्य के शेष पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश या ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है। पांच जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान शनिवार को कई इलाकों में दिखाई भी दिया। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे, जबकि हल्द्वानी में छिटपुट बूंदाबांदी देखने को मिली। देहरादून और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में भी दोपहर बाद आसमान में आंशिक बादल नजर आए।
मौसम विज्ञान केंद्र के आगामी दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार 16 नवंबर से प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
16 नवंबर से मौसम शुष्क रहने के अनुमान के बीच मैदान से लेकर पहाड़ तक दिन के तापमान में फिर बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हालिया बर्फबारी के बाद ठंड का असर बना रह सकता है। नवंबर के मध्य में एक ओर पहाड़ों पर हिमपात और दूसरी ओर मैदानी क्षेत्रों में तापमान का सामान्य से अधिक रहना मौसम के बदलते स्वरूप को दर्शाता है। फिलहाल मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 15 नवंबर को पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी के बाद अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है
15 नवंबर: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान। गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के लिए यलो अलर्ट।
16 नवंबर: मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना।
17 नवंबर: प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान।
18 नवंबर: राज्यभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना।
19 नवंबर: सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान।
20 नवंबर: प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना।
