देहरादून में नौकरानी के इंस्टाग्राम रील से खुला लाखों की ज्वेलरी चोरी का राज,पुलिस ने किया गिरफ्तार।
देहरादून:-03 जुलाई 2026
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक चौंकाने वाला चोरी का मामला सामने आया है। दून आईटी पार्क क्षेत्र में रहने वाली एक महिला के घर से करीब एक साल पहले हीरे और सोने के लाखों रुपये के गहने चोरी हो गए थे। काफी समय तक चोरी का कोई सुराग नहीं मिला,लेकिन नौकरानी के इंस्टाग्राम रील ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी घरेलू सहायिका को गिरफ्तार कर लाखों रुपये के आभूषण बरामद किए हैं।
इंस्टाग्राम में हीरे का हार पहनकर रील बनाने की वजह से एक महिला को जेल की हवा खानी पड़ गई। हुआ कुछ यूं कि जिस हीरे के हार को वो दिखा रही थी, वो असल में उसका था ही नहीं। इस हार को महिला ने करीब साल भर पहले चुराया था. इसी बीच रील हीरे के असली मालिक के रिश्तेदार के फोन तक पहुंच गया. फिर क्या, रिश्तेदारों ने असली मालिक को बता दिया, जिसके बाद महिला धरी गई।
दरअसल, देहरादून के थाना राजपुर पुलिस ने एक महिला को लाखों रुपए कीमत के हीरे और सोने के आभूषणों के साथ गिरफ्तार किया है। वो एक महिला के घर पर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी. जिसने मौका पाकर महंगे आभूषणों पर हाथ साफ किया था. घटना के बाद आरोपी ने महिला को आभूषण अन्यत्र रखकर भूल जाने का विश्वास दिलाया था, लेकिन एक रील की वजह से पकड़ी गई।
बता दें कि बीती 1 जुलाई को देहरादून के आईटी पार्क क्षेत्र निवासी नितिशा वत्स ने थाना राजपुर में एक शिकायत दर्ज कराई थी. जिसमें उसने बताया था कि करीब 1 साल पहले उसने अपने घर में रखे हीरे और अन्य आभूषणों को ढूंढने का प्रयास किया गया, तो वो घर पर कहीं नहीं मिले, जिस पर उसे लगा कि उसने अपने आभूषणों को या तो अपने किसी रिश्तेदार को दे दिया है या कहीं ऐसे जगह रख दिया है, जो उन्हें याद नहीं आ रहा है, लेकिन तब उन्हें बिल्कुल भी शक नहीं था कि उनके आभूषण किसी ने चुरा लिए हैं। कुछ दिन पहले उनके किसी परिचित ने उन्हें बताया कि एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम आईडी में हीरे के हार के साथ अपनी एक फोटो अपलोड किए हैं. साथ ही रील भी बनाई है, जो उनके चोरी हुए हीरे के हार से मिलता जुलता है. जिस पर नितिशा ने फोटो को चेक किया, तो फोटो उनकी पूर्व घरेलू सहायिका की थी। फोटो में पहने गए आभूषण उनके पहले खोए हुए आभूषणों से हूबहू मिलते-जुलते थे। उन्हें शक हो गया कि उनकी पहले घरेलू सहायिका ने ही आभूषणों को घर से चोरी किया है. पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना राजपुर में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम ने जानकारी जुटाने के बाद मुखबिर की सूचना पर आरोपी महिला को जोहड़ी रोड से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस टीम ने चोरी किए गए हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए, जिसमें हीरे का हार 1, सोने का लॉकेट 1, सोने की अंगूठी 2 और सोने का पैंडल 1 शामिल था। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वो नितिशा के आईटी पार्क स्थित घर में घरेलू सहायिका का काम करती थी. पीड़िता के घर के एक कमरे के लॉकर में काफी महंगे आभूषण रखे हुए थे,जिन्हें वो अक्सर देखा करती थी। जिस कारण उसके मन में उन गहनों को चोरी करने का लालच आ गया. करीब 1 साल पहले उसने मौका देखकर लॉकर से हीरे और सोने के कीमती आभूषण चुरा लिए। घर की मालकिन उस पर काफी भरोसा करती थीं, जिस कारण उन्हें उस पर शक नहीं हुआ. उसने भी घर की मालकिन को अपने भरोसे में लेकर यकीन दिलाया कि उन्होंने गहनों को शायद कहीं दूसरी जगह रख दिया है या अपने किसी परिचित को दिया है। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद वो चोरी किए गए आभूषणों में से कुछ आभूषणों को बेचना चाहती थी, लेकिन हीरे व सोने के महंगे आभूषण होने के कारण वो बिक नहीं पाए. वो अब भी लगातार उन्हें बेचने का प्रयास कर रही थी, लेकिन अचानक इतने समय बाद वो पुलिस की गिरफ्त में कैसे आई? इसकी भनक नहीं लग पाई. बाद में बता चला कि इंस्टा रील और फोटो ने जेल पहुंचाया है।
