पति-पत्नी और वो, पत्नी ने अपने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर किया पति पर जानलेवा हमला।

पति-पत्नी और वो, पत्नी ने अपने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर किया पति पर जानलेवा हमला।

हरिद्वार-25 दिसम्बर 2025

उत्तराखंड में पति-पत्नी और वो का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिसमें एक महिला ने अपने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर अपने पति और बहनोई पर जानलेवा हमला कराया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पत्नी समेत पांच नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला हरिद्वार के कनखल क्षेत्र का है। शिकायत में अकोढ़ा कला, लक्सर निवासी ब्रजेश कुमार ने बताया कि उसका सगा साला अरविंद कुमार मजदूरी के सिलसिले में लंबे समय तक घर से बाहर था। हाल ही में घर लौटने पर उसे पता चला कि उसकी पत्नी का प्रेम प्रसंग पड़ोस में रहने वाले किरायेदार रोहन के साथ चल रहा है। इस कारण घर में लगातार तनाव बना हुआ था।

22 दिसंबर को इस विवाद को सुलझाने के लिए अरविंद ने अपनी बहन और बहनोई ब्रजेश कुमार को कनखल स्थित अपने आवास पर बुलाया। शाम करीब 5:45 बजे, जब अरविंद ने पत्नी से उसके कथित संबंधों के बारे में सवाल किया, तो आरोप है कि पत्नी ने उसे सीसीटीवी की निगरानी से बाहर ले जाकर रोहन और अन्य आरोपियों के हाथों में सौंप दिया। इसके बाद रोहन ने सरिए से अरविंद के सिर पर कई वार किए, जबकि अन्य आरोपियों ने डंडों, ईंट-पत्थरों और लात-घूंसों से दोनों को बेरहमी से पीटा।

हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। शोरगुल सुनकर मौके पर आए लोग बीच-बचाव कर उनकी जान बचाने में सफल रहे। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अरविंद के सिर में लगभग 30 टांके और ब्रजेश के माथे पर 12 टांके लगाए गए। अरविंद की हालत गंभीर बनी हुई है। कनखल थाना प्रभारी मनोहर सिंह रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!