पेट्रोल लेकर SSP कार्यालय पहुंची महिला,देवर पर मकान कब्जाने का लगाया आरोप।

पेट्रोल लेकर SSP कार्यालय पहुंची महिला,देवर पर मकान कब्जाने का लगाया आरोप।

रूद्रपुर (उधमसिंह नगर)-21 दिसम्बर 2025

संपत्ति विवाद को लेकर एक महिला हाथ में ज्वलनशील पदार्थ ले कर एसएसपी कार्यालय पहुंची। जैसे ही महिला कार्यालय गेट में पहुंची तो पुलिस कर्मियों में अफरा तफरी का माहौल हो गया। हालांकि महिला को समझाने के बाद अधिकारियों से मुलाकात कराई गई, जहां पर उन्होंने महिला की हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया। जिसके बाद महिला शांत हुई।

अपने देवर पर मकान पर कब्जे का आरोप लगाते हुए आवास विकास कॉलोनी निवासी एक महिला पेट्रोल की बोतल लेकर आत्महत्या की नीयत से एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। महिला के पहुंचते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस और खुफिया कर्मियों ने महिला पुलिस की मदद से उसे काबू में लिया और एसपी सिटी के समक्ष पेश किया।

एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, सीओ पंतनगर डीआर वर्मा और ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष मोहन पांडे के सामने महिला ने आपबीती सुनाई.महिला ने अपना नाम राजबाला जैन बताते हुए कहा कि उसका देवर और उसका परिवार करीब 28 वर्षों तक उसके साथ रहा। बाद में देवर ने जयनगर, दिनेशपुर और ट्रांजिट कैंप के आनंद विहार में मकान बना लिए। तीन साल पहले देवर परिवार सहित आनंद विहार कॉलोनी चला गया। महिला का आरोप है कि अब देवर उसके आवास विकास स्थित मकान पर जबरन कब्जा करना चाहता है। इसको लेकर विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। महिला ने आरोप लगाया कि उसके देवर ने मकान का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। राजबाला जैन ने एसपी सिटी से मकान से कब्जा हटवाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो वह एसएसपी कार्यालय में आत्महत्या कर लेगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने महिला से लिखित शिकायत देने को कहा और निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया,फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!