रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ में कार खाई में गिरी,हादसे में तीन लोगों की मौत।

रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ में कार खाई में गिरी,हादसे में तीन लोगों की मौत।

रुद्रप्रयाग-30 मई 2026

उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नही ले रहे हैं, आये दिन दुःखद हादसों की खबर सामने आ रही है। रुद्रप्रयाग जनपद के ऊखीमठ कोतवाली क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे है।हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है।

मिली जानकारी के अनुसार हादसा आज शनिवार दोपहर करीब 12.15 बजे हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उन्हें दोपहर को करीब 12.15 बजे भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर के नेतृत्व में कोतवाली ऊखीमठ पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि वाहन संख्या (UK13B-4293) (सिलेरियो) कार सड़क से लगभग 50 फीट नीचे गहरी खाई में गिरकर एक पेड़ पर अटकी हुई है। रेस्क्यू टीम ने देरी किए बिना स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत और बचाव का कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि कार बांसवाड़ा क्षेत्र से पेलिंग-उथिंड गांव की ओर जा रहा थी। संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें रेशमा देवी, दक्षित (5 वर्ष), सान्वी (3 वर्ष), विहान (8 वर्ष) और वैभव (10 वर्ष) शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार चिकित्सकीय निगरानी में किया जा रहा है।

वहीं हादसे में महेन्द्र सिंह (68 वर्ष) उनके पुत्र अंजन सिंह (42 वर्ष) और संगीता देवी (32 वर्ष) की मृत्यु हो गई है,पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में घायल व मृतक सभी व्यक्ति उथिंड गांव के निवासी हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!