हरिद्वार में खेत पर गिरी मौत: आकाशीय बिजली की चपेट में आए दो ग्रामीण,मौके पर ही तोड़ा दम।
हरिद्वार:-18 जुलाई 2026
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। सिडकुल थाना क्षेत्र के डालूवाला मजबता गांव में शनिवार शाम खेत में काम कर रहे दो ग्रामीणों की आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब मौसम विभाग पहले ही प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी कर चुका था।
जानकारी के अनुसार, डालूवाला मजबता निवासी नजीन सिंह (50 वर्ष) और खाला टीरा निवासी रणधीर (55 वर्ष) शनिवार को रोज की तरह अपने खेतों में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली, आसमान में काले बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। इससे पहले कि दोनों सुरक्षित स्थान पर पहुंच पाते, तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उन पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैन्तुरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से दो ग्रामीणों की जान चली गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही शासन के नियमानुसार मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर इस बात की याद दिलाता है कि खराब मौसम और आकाशीय बिजली की चेतावनी के दौरान खेतों या खुले स्थानों पर काम करना कितना जोखिम भरा हो सकता है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है। दो परिवारों के कमाने वाले सदस्यों की अचानक हुई मौत से गांव में गहरा दुख और मातम छा गया है।
