वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद हुए श्री बदरीनाथ धाम के कपाट।
बद्रीनाथ धाम (चमोली):-16 नवंबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत
भू-बैकुंठ धाम श्री बदरीनाथ के कपाट आज शुभ मुहूर्त में रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर पूर्ण विधि-विधान,वैदिक परंपरा और मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। पंच पूजाओं के साथ शुरू हुई कपाट बंद होने की प्रक्रिया के अंतिम दिन भगवान नारायण की विशेष पूजा-अर्चना की गई. इस अलौकिक क्षण का साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे.कपाट बंद करने की धार्मिक परंपरा के तहत मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने वर्ष की अंतिम पूजा संपन्न की. उन्होंने भगवान बदरीविशाल को माणा गांव की महिलाओं द्वारा तैयार किया गया ‘घृत कंबल’ ओढ़ाया. इसके पश्चात रावल जी ने पारंपरिक स्त्री वेश धारण कर माता लक्ष्मी को बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान किया. मंदिर समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सेना के बैंड की मधुर भक्तिमय धुनों तथा ‘जय बदरी विशाल’ के उद्घोष के बीच धाम के कपाट बंद किए गए.
बता दें कि,कपाट बंद होने के विशेष अवसर पर श्री बदरीनाथ मंदिर को 15 क्विंटल से अधिक गेंदे के फूलों और विभिन्न प्रकार के ताजे फलों से बेहद भव्य और आकर्षक रूप से सजाया गया था। रंग-बिरंगे फूलों की इस अनुपम सजावट से पूरा मंदिर परिसर और सिंहद्वार अलौकिक छटा बिखेर रहा है। कपाट बंद होने की इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक बेला का साक्षी बनने के लिए कड़ाके की ठंड के बावजूद देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचे हैं।
कपाट बंद होने के पश्चात अब कल, 17 नवंबर को प्रातः भगवान उद्धव जी एवं कुबेर जी की देव डोलियां अपने शीतकालीन प्रवास स्थल योगध्यान बदरी मंदिर (पांडुकेश्वर) के लिए प्रस्थान करेंगी। वहीं, आदि गुरु शंकराचार्य जी की पवित्र गद्दी जोशीमठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर गद्दीस्थल के लिए रवाना होगी, जहां शीतकाल के दौरान श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे.
इस वर्ष की चारधाम यात्रा में बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों ने नया उत्साह दिखाया है। मंदिर समिति के आंकड़ों के अनुसार, इस यात्रा सीजन मे बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने से अब तक 23 लाख 49 हजार 345 श्रद्धालुओं ने दर्शन किये जिसमें 14 लाख से अधिक पुरुष, 8 लाख से अधिक महिला श्रद्धालु और 1 लाख से अधिक बच्चे शामिल हैं।
