गंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा टला, पापड़ गाड के पास गंगा में गिरने से बाल-बाल बचा कांवड़ियों का पिकअप वाहन।

गंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा टला, पापड़ गाड के पास गंगा में गिरने से बाल-बाल बचा कांवड़ियों का पिकअप वाहन।

भटवाड़ी (उत्तरकाशी):-08 अगस्त 2026

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़ गाड के पास शनिवार सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब कांवड़ियों को लेकर जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गंगा नदी की ओर जा गिरा। गनीमत रही कि वाहन नदी में पूरी तरह समाने से पहले ही बच गया और उसमें सवार सभी कांवड़ियों के सुरक्षित होने की सूचना है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस प्रशासन और बीआरओ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त प्रयासों से वाहन को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

पापड़ गाड बना हादसों का संवेदनशील पॉइंट

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पापड़ गाड क्षेत्र लंबे समय से बेहद संवेदनशील बना हुआ है। वर्ष 2025 में भी यहां सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था। इसके बाद किए गए कार्यों की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद भी क्षेत्र में लगातार खतरा बना हुआ है। उनका आरोप है कि यदि बीआरओ द्वारा समय रहते प्रभावी तरीके से निर्माण, सुरक्षा और मेंटेनेंस का कार्य किया जाता, तो आज ऐसी घटनाओं की स्थिति पैदा नहीं होती।

कांवड़ यात्रा के बीच बढ़ी चिंता

श्रावण मास में बड़ी संख्या में कांवड़िये गंगोत्री धाम पहुंच रहे हैं। ऐसे में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़ गाड जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम और सड़क की स्थिति को लेकर सवाल खड़े होना चिंता का विषय है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बीआरओ से मांग की है कि पापड़ गाड क्षेत्र का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की स्थिति दुरुस्त की जाए, सुरक्षा मानकों को मजबूत किया जाए और भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोकने के लिए स्थायी समाधान किया जाए।फिलहाल हादसे में सभी कांवड़ियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!