राष्ट्रपति भवन के ‘एट होम’ रिसेप्शन के लिए अल्मोड़ा की गर्विता भाकुनी का चयन,उत्तराखंड का करेंगी प्रतिनिधित्व।

राष्ट्रपति भवन के ‘एट होम’ रिसेप्शन के लिए अल्मोड़ा की गर्विता भाकुनी का चयन,उत्तराखंड का करेंगी प्रतिनिधित्व।

देहरादून:- 01 अगस्त 2026

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले ‘एट होम’ रिसेप्शन के लिए उत्तराखंड की गर्विता भाकुनी का चयन हुआ है। अल्मोड़ा की लोअर मॉल रोड निवासी गर्विता इस प्रतिष्ठित समारोह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। देशभर से केवल पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स का चयन किया गया है, जिनमें उत्तराखंड सहित कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मिजोरम और नागालैंड से एक-एक प्रतिनिधि शामिल हैं।

गर्विता भाकुनी राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की युवा आपदा मित्र कैडेट हैं। इस उपलब्धि पर पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड के युवाओं की सेवा भावना, अनुशासन और आपदा प्रबंधन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में स्थानीय समुदाय सबसे पहला प्रतिक्रियादाता होता है। ऐसे में यदि युवाओं को पहले से प्रशिक्षित किया जाए तो राहत एवं बचाव कार्य अधिक प्रभावी, त्वरित और सुरक्षित ढंग से किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आपदा प्रबंधन तंत्र से जोड़कर भविष्य की चुनौतियों के लिए एक मजबूत स्वयंसेवी नेटवर्क तैयार कर रही है।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण> (एनडीएमए) के सहयोग से संचालित युवा आपदा मित्र योजना के तहत उत्तराखंड में 4,310 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें एनसीसी, एनएसएस, मेरा युवा भारत (एमवाईबी) और भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक शामिल हैं। अब तक लगभग 2,700 युवाओं को खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, निकासी, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सामुदायिक जागरूकता और आपदा जोखिम न्यूनीकरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

इस अवसर पर गर्विता भाकुनी ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि युवा आपदा मित्र के रूप में मिला प्रशिक्षण उन्हें समाज की सेवा के लिए प्रेरित करता है और वे भविष्य में भी आपदा प्रबंधन तथा जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!