चंपावत में मानवता शर्मसार: 10वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, हाथ-पैर बांध कमरे में किया बंद; एक गिरफ्तार।
चंपावत-06 मई 2026
उत्तराखंड के चंपावत जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिला मुख्यालय से लगभग 20 किमी दूर एक गांव में सहेली की शादी में आई 10वीं की छात्रा के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों की क्रूरता यहीं नहीं थमी, उन्होंने पीड़िता के हाथ-पैर बांधकर उसे एक कमरे में कैद कर दिया और फरार हो गए।
सहेली की शादी में आई थी पीड़िता:- मंगलवार रात सल्ली गांव में मेहंदी और महिला संगीत के कार्यक्रम के दौरान आरोपियों ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने कब्जे में लिया।
मारपीट और कैद:- जब छात्रा ने परिजनों को फोन करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे रस्सी से बांधकर कमरे में डाल दिया।
पुलिस का रेस्क्यू:- देर रात करीब 1:30 बजे पीड़िता का फोन कटने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने खोजबीन कर छात्रा को बंद कमरे से मुक्त कराया।
आरोपियों की पहचान:- वारदात में एक स्थानीय राजनीतिक संगठन का पदाधिकारी, एक पूर्व ग्राम प्रधान और एक छात्र शामिल बताया जा रहा है। इनमें से छात्र और पूर्व प्रधान आपस में चाचा-भतीजा बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार हैं। कोतवाली परिसर में भी दोनों पक्षों के बीच हंगामे और मारपीट की खबर है। पुलिस क्षेत्राधिकारी का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसओजी एवं स्थानीय पुलिस को क्षेत्र में तैनात किया गया है। टीमों द्वारा तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत,रेखा यादव, द्वारा स्वयं भी पीड़िता से बातचीत कर घटना की जानकारी ली गयी। पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर तीन व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। इस पूरे मामले को लेकर चंपावत रेखा यादव ने कहा कि, वर्तमान में साक्ष्य संकलन की कार्यवाही प्रचलित है। संकलित साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र वैधानिक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। कहा कि चम्पावत पुलिस महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों के प्रति संवेदनशील है। ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
