इनामी शूटर रिंकू शर्मा गिरफ्तार,पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में STF को बड़ी सफलता।

इनामी शूटर रिंकू शर्मा गिरफ्तार,पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में STF को बड़ी सफलता।

25 हजार रुपये का इनामी आरोपी रुद्रपुर से दबोचा गया, मध्य प्रदेश का अंतरराज्यीय शूटर निकला।

देहरादून- 08 अप्रैल 2026

कार्यालय स्पेशल टास्क फोर्स (STF) उत्तराखण्ड को बहुचर्चित पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को एसटीएफ ने रुद्रपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मध्य प्रदेश का अंतरराज्यीय पेशेवर शूटर है, जो घटना के बाद लगातार फरार चल रहा था।
यह कार्रवाई उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई, जिसके अंतर्गत वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

दिनदहाड़े हुई थी पार्षद की हत्या:⤵️

12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा वार्ड नंबर-13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुबह करीब 9 बजे आई-10 कार में आए बदमाशों ने पहले उन्हें घर से बाहर बुलाया और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल धामी ने बचने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उनकी हत्या कर दी। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

राजनीतिक रंजिश में दी गई थी सुपारी:⤵️

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या राजनीतिक रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी। इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के शूटरों को करीब ₹4 लाख की सुपारी दी गई थी। मामले में 7 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हुई, जिनमें से 6 पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे।

एक माह से चल रही थी निगरानी⤵️

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ द्वारा तकनीकी सर्विलांस और मानव स्रोतों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही थी। पिछले एक माह से टीम उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।आज तड़के विश्वसनीय सूचना मिलने पर एसटीएफ और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर सटीक रणनीति के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे:⤵️

गिरफ्तार आरोपी रिंकू शर्मा उर्फ पंडित के खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

अभियुक्त का विवरण:⤵️

नाम: रिंकू शर्मा उर्फ पंडित
पिता: मुकेश शर्मा
निवासी: जग्गा का पुरा, थाना डिमनी
जिला: मुरैना (मध्य प्रदेश)
उम्र: 32 वर्ष

आगे की कार्रवाई जारी:⤵️

पुलिस ने आरोपी को कोतवाली रुद्रपुर में दाखिल कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसटीएफ का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!