चमोली के नारायणबगड़ में सरकारी अस्पताल की जर्जर दीवार गिरी, मलबे में दबे चिकित्सा प्रभारी, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर।
नारायणबगड़ (चमोली):-11 जुलाई 2026
नारायणबगड़ के सरकारी अस्पताल परिसर में क्षतिग्रस्त दीवार शनिवार दोपहर भर भराकर गिर गई। इस दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में तत्कालिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
चमोली जिले के नारायणबगड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल परिसर की पहले से क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर गिर गई,जिसकी चपेट में आकर चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान मलबा आने से अस्पताल की बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को इसी दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इस दौरान डॉ. डिमरी निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे थे, तभी पहले से कमजोर हो चुकी दीवार अचानक ढह गई और वह मलबे में दब गए।
हादसे के बाद अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों,स्थानीय व्यापारियों और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया।
अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रिया घिल्डियाल ने बताया कि डॉ. डिमरी की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा और स्थानीय लोगों ने अस्पताल भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए है।
