सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की हत्या आया था बुआ के घर,,एक महिला का रेता गला, दूसरी का फोड़ा सिर।

सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की हत्या आया था बुआ के घर,,एक महिला का रेता गला, दूसरी का फोड़ा सिर।

रानीखेत (अल्मोड़ा)-11 जुलाई 2026

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के रानीखेत कुंवाली पटवारी क्षेत्र के ऐना गांव से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहाँ पर बुआ के घर आए व अग्निवीर की तैयारी कर रहे एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं बल्कि बीच बचाव में पहुंची महिला पर भी हमला किया गया व दूसरी महिला का गला रेता गया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा जिले के रानीखेत सुदूर ऐना गांव द्वाराहाट ब्लॉक की निवासी जानकी देवी पत्नी वीरेंद्र सिंह और उनकी चचिया सास सावित्री देवी पत्नी बिशन सिंह भोजन की तैयारी करने में लगी हुई थी। जानकी देवी के सिमली गांव द्वाराहाट निवासी भाई चंदन सिंह का 19 वर्षीय बेटा सागर सिंह लगभग 10 दिनों से यहीं रह रहा था। तभी इस दौरान काले कपड़े पहना एक युवक उनके कमरे में घुसा और उसने धारदार हथियार से सागर सिंह पर ताबड़तोड़ प्रहार किये।अचानक हुए हमले से सागर अपना बचाव नहीं कर सका और वो चीखने लगा। चीख पुकार की आवाज सुनकर जानकी देवी तथा उनकी चचिया सास सावित्री देवी बीच बचाव में पहुंची। इस दौरान आरोपी ने जानकी देवी के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया जबकि सावित्री देवी का गला गहरा कट गया। वहीं दूसरी ओर खून से लथपथ सागर हमले में अपनी जिंदगी गवा बैठा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके पर ही फरार हो गया था जिसे पुलिस ने पकड़ लिया है।

बताते चलें हमले में जान गवाने वाला 19 वर्षीय सागर मेरठ में पढ़ाई करता था, जो सेना में भर्ती की तैयारी के सिलसिले में अपनी बुआ के घर आया था। फिलहाल घायल महिलाओं को नागरिक चिकित्सालय पहुंचाया गया जहां पर जानकी देवी के सिर पर 6 टाँके लगे हैं जबकि सावित्री देवी को गहन चिकित्सा कक्ष में उपचार दिया जा रहा है। घटना को किसने और क्यों अंजाम दिया इसका पता लगाए जाने का प्रयास किया जा रहा है।

रानीखेत के ऐना गांव में हुए 19 वर्षीय सागर सिंह हत्याकांड में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि गांव का ही एक बेहद करीबी युवक है। मृतक की बुआ एवं हमले की चश्मदीद जानकी देवी ने अस्पताल में उपचार के दौरान आरोपी के रूप में गांव के ही किसी व्यक्ति का नाम पुलिस को बताया, जिसके बाद पुलिस को जांच में बड़ी सफलता मिली। तहरीर में हत्या की मुख्य वजह पुरानी रंजिश बताई गई है। सूत्रों के अनुसार मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है, जबकि एक अन्य युवक भी पुलिस के संदेह के दायरे में है और उससे पूछताछ की जा रही है। चर्चा यह भी है कि वारदात के बाद आरोपी घायल महिलाओं की रेकी करने के लिए नागरिक चिकित्सालय भी पहुंचा था।इधर ग्रामीण मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगालने की मांग कर रहे हैं। वहीं, घटना में गंभीर रूप से घायल सबुली देवी की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द आधिकारिक खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!