देहरादून में छात्र दिव्यांशु जटराना हत्याकांड के 25-25 हजार के दो इनामी आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार,हत्याकांड में शामिल पांच आरोपी अभी भी फरार।

देहरादून में छात्र दिव्यांशु जटराना हत्याकांड के 25-25 हजार के दो इनामी आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार,हत्याकांड में शामिल पांच आरोपी अभी भी फरार।

देहरादून- 10 अप्रैल 2026

देहरादून में छात्र दिव्यांशु जटराना की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी समेत दो लोग पुलिस के हाथ आए है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पश्चिमी बंगाल से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। इस मामले में चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पांच आरोपी अभी भी फरार है।

“ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। देहरादून पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में हुई छात्र की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त समेत दो इनामी आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला 23 मार्च 2026 की रात का है, जब केहरी गांव, प्रेमनगर में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाद में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इस संबंध में थाना प्रेमनगर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों – युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल, शिवम शर्मा और अंकित भारद्वाज को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ और विवेचना में अन्य आरोपियों के नाम सामने आए, जो लगातार फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए राज्य बदल-बदलकर छिप रहे थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा फरार अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसी क्रम में गठित पुलिस टीमों ने सर्विलांस और लगातार दबिश के जरिए अहम सुराग जुटाए।आखिरकार पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के पुरूलिया स्थित एक रिसॉर्ट से मुख्य आरोपी प्रहलाद राज और उसके साथी अंकुर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई को ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे अभियान की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है,जिसमें पुलिस सक्रिय और वांछित अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!